23 मार्च को कारोबारी एएस मेटल इंडस्ट्री के मालिक की खुदकुशी की घटना में नया मोड़ आ गया है।
सोमवार को परिजनों ने पुलिस में जाकर शिकायत दी कि इस खुदकुशी कांड के पीछे स्टार मोटर के मालिक आप नेता वालिया व कार बाजार के प्रधान बिट्टू हैं। इसलिए उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। उल्लेखनीय है 23 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे के करीब एएस मेटल इंडस्ट्री के मालिक 65 वर्षीय राकेश महाजन कर्ज से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। राकेश महाजन पूजा पाठ कर निजात्म नगर में ही कोठी के नीचे बने कार्यालय में आए और करीब साढे़ सात बजे उन्होंने पंखे से खुद को फंदा लगा लिया। वह कर्ज से परेशान थे।
सोमवार को राकेश महाजन के बेटे विक्रांत महाजन, विशाल महाजन, पत्नी विजय महाजन, रिश्तेदार सुनील मेहता डिवीजन नंबर पांच पहुंचे और कहा कि सोमवार को उन्होंने कार्यालय खोला तो डेयरी में एक कागज मिला, जिसमें राकेश महाजन ने लिखा था कि व्हट् अबाऊट मिस्टर वालिया... । उन्होंने लिखित बयान में कहा कि 8 मार्च को आप की युवा इकाई के प्रधान वालिया, बिट्टू घर पर आए थे और पिता को धमकी देकर गये थे कि उनको 15 दिन के भीतर पैसे नहीं मिले तो वह घर का सारा सामान उठाकर ले जाएंगे। इसके बाद 23 मार्च को पिता ने खुदकुशी कर ली। वहीं एसीपी वेस्ट रविंदरपाल संधू का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी बाकी है। ।