हथियारों के दम पर सोमवार को अपने घर से अगवा की गई अकाली सरपंच की पत्नी को पुलिस ने तलाश लिया है और उसको अगवा करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में अपहरणकर्ताओं पर दुराचार का आरोप लगाया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने पीड़िता के बयान पर दर्ज किए गए मामले में दुराचार की धारा को जोड़ दिया है।
वीरवार को एसएसपी आरके बख्शी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सरपंच की पत्नी की तलाश करके आरोपियों को हथियारों समेत काबू किया गया है। एसएसपी ने बताया कि 19 दिसंबर को गांव डुमनीवाला वासी मंजीत सिंह पुत्र इशर सिंह ने पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत में कहा था कि बेअंत सिंह, जोगिंदर सिंह, गुरमेल सिंह वासी गांव कहाडें वाला, जिला मोगा और अन्य 13-14 लोग उनके घर में घुसकर उनकी पत्नी को हथियारों के दमपर उठा ले गए थेे।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस जांच में एसपी (डी) रछपाल सिंह, डीएसपी सतनाम सिंह, डीएसपी वरियाम सिंह, थाना कुलगढ़ी प्रभारी जसवीर सिंह और सीआईए प्रभारी रछपाल सिंह की स्पेशल टीम बनाई। इस टीम ने 21 दिसंबर को अपहरणकर्ता जोगिंदर सिंह उर्फ भोला, शरनजीत कौर पत्नी मुख्तियार सिंह को गिरफ्तार किया और उनके पास से अगवा महिला को छुड़वाया।
आरोपियों के पास से 12 बोर की राइफल और स्विफ्ट डिजायर बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त कुलगढ़ी थाना पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपी गुरमेल सिंह पुत्र भाग सिंह और बेअंत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने पीड़िता को बुधवार को संगरूर जिले के अंतर्गत पड़ते गांव ढडरियांवाला से बरामद किया है। पीड़िता के पति ने कहा कि पत्नी के साथ हुए दुराचार की घटना में पुलिस ने पत्नी के बयानों के आधार पर आरोपी जोगिंदर सिंह के खिलाफ मुूकदमें में दुराचार की धारा बढ़ा दी है।