जलालाबाद (फिरोजपुर)। जिले के गांव सोहना सांदड़ के एक युवक की वीरवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गांव की एक सड़क पर खून से लथपथ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल भेजा है। मृतक रमनदीप (20) के परिजनों ने बताया कि वह खाना खाने के बाद कमरे में लेटा हुआ था। इस दौरान उसे किसी का फोन आया और वह घर से चला गया। जाते हुए उसने कहा कि वह जलालाबाद की तरफ जा रहा है। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे फोन आया कि रमनदीप का शव गांव के निकट सड़क पर पड़ा है, जिसका एक्सीडेंट हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो रमनदीप खून से लथपथ पड़ा था। परिजनों ने कहा कि रमनदीप के गले पर तेजधार हथियार के निशान हैं, जिससे उन्हें शक है कि किसी ने रमनदीप की हत्या की है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।