कमेटी के नाम पर 43 लोगों से ठगे 1.23 करोड़
सुजानपुर निवासी महिला समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सुजानपुर और पठानकोट में 43 लोगों से कमेटियों के नाम पर 1.23 करोड़ की ठगी के आरोप में सुजानपुर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान राजेश कुमार, उसकी पत्नी सुलक्षणा और भाई अश्वनी कुमार निवासी मोहल्ला शहीद भगत सिंह, सुजानपुर के रूप में हुई है। सुजानपुर पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी और चिट फंड एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सुजानपुर थाना प्रभारी दलविंदर शर्मा ने बताया कि सुजानपुर के मोहल्ला शहीद भगत सिंह नगर निवासी पृथ्वी राज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके मोहल्ले में रहने वाले दो भाइयों राजेश कुमार, अश्वनी कुमार और राजेश की पत्नी सुलक्षणा ने अपने घर में कमेटियां डालने का काम शुरू किया था। इन लोगों ने कमेटियों के कई ग्रुप चलाए हैं। पृथ्वी सिंह ने बताया कि उसके समेत 43 लोगों ने कमेटी डाली हुई थी। जिनके पैसे नकद तथा ऑनलाइन इनके खातों में डाले जाते थे। लेकिन कमेटियां पूरी हो जाने के बाद अब वह लोग कमेटी का पैसा देने से इंकार कर रहे हैं तथा लोगों का पैसा हड़पने के लिए घर में चोरी का ड्रामा भी रचा था। इससे संबंधी पुलिस थाना सुजानपुर में जांच के दौरान 27 जुलाई को राजेश कुमार तथा अश्वनी कुमार ने माना है कि उन्होंने इनके कमेटियों के पैसे देने हैं और लिखित रूप में समझौता भी किया। 29 जुलाई पैसे देने का करार हुआ, लेकिन 29 जुलाई को पृथ्वीराज तथा अन्य ने जब इनसे संपर्क किया तो उन्होंने 1 अगस्त तक का समय मांगा। आरोपियों ने कहा था कि वह अपनी प्रापर्टी का बंटवारा कर रहे हैं, दोनों भाई अपने-अपने हिस्से के पैसे जमीन बेचकर चुकाएंगे। 1 अगस्त को फिर से दोनों अपने इकरारनामे से मुकर गए। जिसके चलते सुजानपुर पुलिस ने जांच में पाया कि राजेश, अश्वनी और सुलक्षणा पर 43 व्यक्तियों की कमेटियों के 1 करोड़ 23 लाख 18 हजार 600 रुपये बकाया हैं।