रंजिश में अधेड़ को पीटा, सात नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना बाघापुराना पुलिस ने मामूली रंजिश में 55 वर्षीय एक व्यक्ति से मारपीट करने के आरोप में दो भाइयों समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखमंदर सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता गुरनैब सिंह वासी गांव गज्जणवाला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि कुछ लोगों का एक समारोह के दौरान मामूली झगड़ा हो गया था। इसी के चलते 18 फरवरी की शाम को आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। घायल अवस्था में पीड़ित को सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया। वहां से डाक्टर की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर गुरतेज सिंह समेत उसके भाई अंग्रेज सिंह, जशनप्रीत सिंह, तेजिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, राम सिंह और लवप्रीत सिंह वासी गज्जणवाला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।