पुलिस को गच्चा दे आरोपी थाने से फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। हाल ही में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसको अदालत में पेश किया था। अदालत ने उक्त आरोपी का पुलिस को सोमवार तक रिमांड दिया था। उक्त आरोपी रविवार को ही भार्गव कैंप थाना पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया।
मामले के अनुसार आरोपी मुकुल निवासी भार्गव कैंप को पुलिस ने किसी मामले में पकड़ा था। आरोपी को अदालत में पेश कर उसका सोमवार तक रिमांड भी लिया था। रविवार सुबह 4 बजे आरोपी ने लॉकअप के पास खड़े संतरी से बाथरूम जाने का कहकर लॉकअप खुलवाया और थाने से फरार हो गया। आरोपी पर पहले ही कईं मामले दर्ज हैं। थाना भार्गव कैंप में ही आरोपी पर 2 मामले दर्ज है। आरोपी के थाने से भागने की पुष्टि एसीपी सरबजीत राय ने की है। एसीपी का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 2 टीमें रवाना कर दी हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगह पर छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होगा।