मुक्तसर। कच्चा भागसर रोड पर शराबी पति ने मायके गई पत्नी पर हमला कर दिया। इस दौरान पत्नी के पांव की तीन उंगलियां कट गईं। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अभी गिरफ्तारी बाकी है। कच्चा भागसर रोड कालू का नौहरा निवासी सोनी ने बताया कि उसकी शादी कुछ समय पहले ही कोटली रोड निवासी संदीप सिंह के साथ हुई थी। उसका पति शराब पीने का आदी है जोकि अक्सर ही शराब के नशे में उससे मारपीट करता था। इस कारण बीते दिनों वह अपने मायके आ गई थी लेकिन उसका पति भी शाम को शराब पीकर घर आ गया। रात को जब वह सो रही थी तो उसने कापे से उसके पांव पर वार किया। इससे उसके पांव की तीन उंगलियां कट गईं। उसने और भी वार किए लेकिन उसके परिवार ने उसे बचा लिया और अस्पताल में भर्ती करवाया। उधर, थाना सिटी के जांच अधिकारी हवलदार बलदेव सिंह ने बताया कि संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।