कुवैत भेजने के नाम पर 1.49 लाख की ठगी
- थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला । कुवैत भेजने के नाम पर 1.49 लाख रुपये ठगने के आरोप में गुरदासपुर निवासी महिला ने कपूरथला के गांव गोपीपुर निवासी ट्रेवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। पीड़ित ने ट्रेवल एजेंट पर पासपोर्ट भी न लौटाने का आरोप जड़ा है। थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करे जांच पड़ताल का दौर शुरू कर दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
शिकायतकर्ता अमरजीत कौर निवासी अलीनंगल डेरा बाबा नानक जिला गुरदासपुर ने थाना फत्तूढींगा की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे मनजिंदर सिंह को विदेश भेजना चाहती थी। इसके लिए अभी प्लानिंग ही कर रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात जसवंत सिंह निवासी गांव गोपीपुर थाना फत्तूढींगा कपूरथला से हुई। उसने बताया कि वह ट्रेवल एजेंट है और लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। उसने उसे अपनी बातों के झांसे में ऐसा लिया कि 14 जुलाई 2016 को उसने अपने बेटे मनजिंदर सिंह को कुवैत भेजने का मन बनाया। जसवंत सिंह से सौदा 1.49 लाख में तय हुआ। उसने उसे रकम और मनजिंदर सिंह का पासपोर्ट वीजा लगवाने के लिए उसे दे दिया। कुछ दिन तक तो वह बताता रहा कि बस, बहुत जल्द उसका वीजा लगना वाला है। लेकिन जब छह माह बीत गए तो उसने टालमटोल शुरू कर दिया। कई चक्कर लगाने के बाद जब उससे पैसे और पासपोर्ट वापस मांगे तो वह धमकियां देने पर उतर आया। इस पर परेशान होकर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।