कूड़े के ढेर में मिला नवजात बच्ची का शव
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। कूड़े के ढेर में एक नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना जालंधर के संकरे बाजार के साथ लगते रास्ता मोहल्ला के साथ लगते कोट पक्षियां की है जहां वीरवार सुबह कूड़े के ढेर पर एक नवजात कन्या का शव मिला। सूचना मिलते ही थाना चार की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस की तरफ से आसपास के नर्सिंग होम को चेक करना शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा घरों में जाकर जच्चा-बच्चा की जांच करने वाले वालंटियर को भी पूछा जा रहा है कि इलाके में कोई महिला गर्भवती तो नहीं थी।
कोट पक्षियों में रहने वाले तरुण नाम के युवक ने बताया कि वह सुबह करीब नौ बजे किसी काम से जा रहा था। वहां पर पड़े कूड़े के ढेर पर कुत्ते घूमते दिखाई दिए। पास जाकर देखा तो वहां पर एक नवजात बच्ची का शव पड़ा हुआ था। उसने तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस की तरफ से इलाके में रहने वाली दाइयों के बारे में भी पता लगाया जाएगा। आईपीएस अधिकारी सुडन विजी ने बताया कि इस घिनौनी करतूत करने वाले को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।