पिता-पुत्र से एक लाख 37 हजार लूटे
मुक्तसर। बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे रुपाणा निवासी पिता-पुत्र से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने रुपयों वाला थैला छीन लिया। जिसमें एक लाख 37 हजार रुपये थे। पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है। गांव रुपाणा निवासी तारा चंद पुत्र रामजी लाल जिसके सेतिया पेपर मिल में ट्राले चलते हैं। वह फर्म की ओर से खाते में डाले गए रुपये निकालने के लिए मुक्तसर आए थे। सुबह करीब ग्यारह बजे तारा चंद अपने बेटे दया चंद के साथ मुक्तसर के बूड़ा गुज्जर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में से एक लाख 37 हजार रुपये लेकर जा रहे थे। इसमें 50 हजार किसी अन्य व्यक्ति का था। जब वह शहर से बाहर मिशन अस्पताल के पास पहुंचे तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए, जिनमें से एक ने हेलमेट पहना हुआ था। उन्होंने उनके हाथ में पकड़ा पैसे वाला थैला झपटकर छीन लिया और फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने थाना सिटी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।