थाने से फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार
सोनी सिंह पर है मौसेरे भाई को अगवा कर नहर में फेंकने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)।
थाना गिद्दड़बाहा से फरार हुए गांव कुराईवाला निवासी सोनी सिंह को पुलिस ने काबू कर लिया है। सोनी अपने मौसेरे भाई चौदह वर्षीय छात्र सुरिंदर सिंह को अगवा करने के बाद राजस्थान फीडर नहर में फेंकने के आरोप मेें रिमांड पर था। वह शनिवार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने मुंशी व दो संतरियों समेत आरोपी सोनी पर अन्य धारा तहत भी केस दर्ज कर लिया था। ड्यूटी अफसर जलजीत सिंह व तफ्तीशी अफसर एएसआई किशोर चंद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे।
एसएचओ धर्मपाल शर्मा ने बताया कि सोनी फरार होकर अपने गांव कुराईवाला चला गया था। पुलिस ने गांववासियों के सहयोग से सोनी सिंह को शनिवार रात साढ़े दस बजे कुराईवाला-मल्लवाला रोड स्थित किन्नू के बाग से काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि सोनी को एसीजेएम हरप्रीत कौर की अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। उधर, करीब एक सप्ताह की तलाश के बावजूद सुरिंदर का कोई सुराग न लग सका है।
गौरतलब है कि गांव के सरकारी स्कूल का नवीं कक्षा का छात्र सुरिंदर सात जनवरी को घर से खेलने निकला था। देर शाम तक घर न पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश दौरान मालूम हुआ कि सुरिंदर अपने मौसेरे भाई सोनी के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया है। इस घटनाक्रम के कुछ समय बाद आरोपी द्वारा परिजनों से चार लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बाद में पुलिस द्वारा आरोपी को काबू करने पर उसने कबूला कि उसने सुरिंदर को उसने नहर में फेंक दिया था। तब से सुरिंदर की नहर में तलाश जारी है, मगर उसका कोई सुराग न लग पाया है।