सौ नशीली गोलियों समेत आरोपी गिरफ्तार
कपूरथला। थाना सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को सौ नशीली गोलियां समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सदर के सब इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम समेत काला संघिया बस अड्डा चौक पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें खास मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी मनोज उर्फ मोनू निवासी काला संघिया नशा करने और बेचने का आदी है। इस समय वह अपने ग्राहकों को नशीला पदार्थ देने के लिए स्कूटी पर गांव के स्टेडियम बनवाली रोड पर खड़ा है। इस पर पुलिस ने ट्रैप लगाकर छापामारी शुरू की तो आरोपी स्कूटी लेकर भागने की कोशिश करने लगा। इस पर पुलिस ने पीछा करके उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 100 नशीली गोलियां बरामद हुई। सब इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह ने बताया कि आरोपी से पूरे नेटवर्क की जानकारी हासिल कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।