होशियारपुर। आपसी रंजिश के चलते जुवेनाइल होम (बाल सुधार घर) में वीरवार सुबह दो गुट भिड़ गए। एक गुट से संबधित चार घायलों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनो ंपक्षों की शिकायत उनके पास आई है। जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में दाखिल घायलों ने बताया कि वो सुबह दूध पीने के बाद वापस जा रहे थे। इस दौरान जेल में बंद एक गुट के लोग एक आरोपी के साथ मारपीट करने लगे। जब वो पीड़ित को छुड़ाने गए तो उक्त आरोपियों ने ईंट और पत्थरों से उनपर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप में घायल हो गए। थाना सदर के प्रभारी राजेश कुमार अरोड़ा ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद जांच की जाएगी। जो भी पक्ष आरोपी पाया गया उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।