बुजुर्ग की हत्या कर शव पराली में फेंक आग लगाई
आधी जल चुकी है लाश, पहचान नहीं, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
जीरा विधानसभा हलके के गांव लहरा रोही में कुछ लोगों ने 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी। शव खुर्दबुर्द करने के लिए पराली में आग लगाकर उसमें फेंक दिया। शव की पहचान करना मुश्किल है। बुजुर्ग ने हाथ की अंगुली में अंगूठी पहनी हुई है। उधर, थाना सदर जीरा पुलिस ने बुधवार दलजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह वासी गांव लहरा रोही के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दलजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सुबह सात बजे उठकर घर से बाहर निकला तो देखा सड़क किनारे पड़ी पराली को किसी ने आग लगा दी। पराली पशुओं के लिए रखी थी। दलजीत ने आगे जाकर देखा तो पराली में अधजली लाश पड़ी थी। इसकी सूचना उसने पुलिस और गांव के लोगों को दी। पुलिस ने बताया कि अधजला शव लाश किसी बुजुर्ग का लग रहा था क्योंकि उसके बाल सफेद थे और एक हाथ की उंगली में उसने मुंदरी पहनी हुई थी। चेहरा आग से झुलसा हुआ था। लाश को देखने से लग रहा था कि आरोपियों ने कहीं और से बुजुर्ग की हत्या कर लाश गांव लहरा रोही में सड़क किनारे पड़ी पराली में फेंक दी और लाश खुर्दबुर्द करने की नीयत से पराली को आग लगा दी। इस मामले की जांच-पड़ताल जीरा सदर थाना के इंस्पेक्टर हरदेवप्रीत सिंह कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल में पहचान के लिए रखवा दिया है।
-----------------