दो लोगों से की न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। मॉडल टाउन स्थित पटवारखाने के पास इंदर अबरोल सॉल्यूशन के मालिक राजविंद्र सिंह पर थाना 1 की पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामला जम्मू के गड़ीगड़ निवासी विक्रम सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ है। विक्रम सिंह ने थाना 1 की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 साल पहले राजविंद्र उसके संपर्क में आया। उसने न्यूजीलैंड भेजने की एवज में 1.25 लाख रुपये की डिमांड की। जिसके बाद उसे 1 लाख रुपये का चैक और 25 हजार नकद दिए। विक्रम ने बताया कि इसी दौरान उसका जानकार सुरेश भी उसके पास आया और राजविंद्र ने उससे भी न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर 2.5 लाख रुपये ले लिए। दो साल तक राजविंद्र उसे विदेश भेजने या फिर पैसे लौटाने का आश्वासन देता रहा। लेकिन पिछले एक साल से उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। उधर सुरेश का परिवार उन्हें उनके पैसे वापिस दिलवाने का दबाव बना रहा है। विक्रम ने बताया कि राजविंद्र को पैसे देने के लिए उन्होंने गाड़ी बेची और उधार पैसे लिए। जिसका ब्याज वह अभी तक चुका रहा है। वहीं थाना 1 के एएसआई बलविन्द्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर ठगी के मामलों की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।