सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा दे 12 लाख ठगे
आरोपी दंपति नामजद, हिमाचल भेजने के लिए टीमों को गठन
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। थाना मामून की पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर तीन युवकों से 12 लाख ठगने के आरोप में हिमाचल निवासी दंपति को नामजद किया है।
आरोपी ध्रुव हिमाचल के सीपीडब्ल्यूडी विभाग में बतौर इंस्पेक्टर तैनात है।हिमाचल कंडवाल में उसकी पोस्टिंग है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ध्रुव और उनकी पत्नी सान्या ने उन्हें सीपीडब्ल्यूडी विभाग में ही नौकरी दिलवाने के लिए 21 लाख मांगे थे। शिकायतकर्ता पठानकोट के छतवाल निवासी अजायब सिंह और राज सिंह, बुंगल निवासी भूपिंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें ध्रुव व उनकी पत्नी सान्या ने कहा था कि वह तीनों के बेटों को सीपीडब्ल्यूडी विभाग में नौकरी दिलवा देंगे। उसकी एवज में 7-7 लाख रुपये की डिमांड की। पेशगी के तौर पर 4-4 लाख तीनों के मिलाकर 12 लाख ध्रुव को दिए पर लंबा समय बीत जाने के बावजूद ध्रुव ने न तो उन्हें सरकारी नौकरी दिलवाई और न ही पैसे लौटाए। वहीं एसएचओ मामून कैंट हरप्रीत कौर ने बताया कि तीनों की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है। हिमाचल में भेजने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।