बैंक में नौकरी लगाने का झांसा देकर चार लाख ठगे
फिरोजपुर। पुलिस ने बैंक में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मोहित धवन कर रहे हैं। प्यारा सोनी वासी खानके ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी मुलाकात आरोपी तजिंदर सिंह, गोरा और सुखदेव सिंह वासी लक्खोके बहराम से हुई। उन्होंने कहा कि वह उसे बैंक में नौकरी लगवा देंगे। बैंक में नौकरी लगवाने के लिए आरोपियों ने सोनी से चार लाख रुपये लिए थे। काफी समय बीतने पर भी आरोपियों ने सोनी को नौकरी नहीं दिलवाई तो उसने आरोपियों से अपने पैसों की मांग की। इस पर आरोपियों ने सोनी को पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। सोनी ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर आरोपी जतिंदर सिंह, गोरा और सुखदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।