पूजा की हत्या में पति, ससुर का हाथ: पिता
महिला की हत्या पर लाश बेड में छिपाने का मामला
हत्या के एक हप्ते बाद पुलिस को पिता ने दिए ने बयान
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। विवाहिता पूजा की हत्या के एक सप्ताह बाद उसके पिता चानन ने सोमवार थाना कैंट पुलिस के समक्ष पेश होकर आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की हत्या के पीछे कथित तौर पर दामाद और ससुर का हाथ है। दामाद व ससुर ने पूजा की हत्या खुद की है या फिर किसी से करवाई है, क्योंकि पूजा और ससुर के बीच कई बार कहासुनी होती थी। पूजा की 27 नवंबर को हत्या कर हाथ-पांव बांध कर लाश बेड के अंदर छिपाकर रख दी गई थी।
मृतका पूजा के पिता चानन वासी जनता नगर जालंधर ने पुलिस को बयान देने के बाद पत्रकारों से कहा कि उसकी बेटी की शादी दो साल पहले फिरोजपुर बस्ती टैंकावाली गली नंबर-24 निवासी सुभाष कुमार के बेटे मनमोहन के साथ हुई थी। उसकी बेटी की कई बार ससुर के साथ कहासुनी होती थी। पूजा इस संबंधी अपनी मां से बातचीत करती थी। चानन ने बताया कई बार मैंने पूजा से कहा कि बुजुर्ग ऐसे ही बोलते हैं, ये छोटी-छोटी बातें हैं। मुझे नहीं पता था कि एक दिन इन्हीं छोटी-छोटी बातों के लिए उसकी बेटी पूजा की हत्या कर देंगे। पता होता तो वह अपनी बेटी को घर लेकर चले जाते।
चानन ने बताया कि घटना वाले दिन पूजा की मां सुबह साढ़े ग्यारह बजे से लेकर रात आठ बजे तक मोबाइल पर काल करती रही, लेकिन किसी ने रिसीव तक नहीं किया। इसके बाद हमने अपने रिश्तेदारों को बेटी के ससुराल भेजा तब पता चला कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। चानन ने बताया घर में किसी सामान की चोरी नहीं हुई और पूजा की हत्या कर लाश बेड के अंदर छिपा दी, लोगों के घरों में बेड के अंदर सामान रखने तक की जगह नहीं होती है और यहां पूजा की लाश रख दी। इससे उन्हें शक होता है कि पूजा की हत्या कर परिवार के सदस्यों ने ही लाश बेड में रखी है। फिर दामाद ने एकदम बेड खोल दिया, उसे कैसे मालूम था कि बेड में लाश पड़ी है। इन्हीं बातों के कारण उन्होंने आज पुलिस को पूजा के ससुरालियों के खिलाफ हत्या करने के बयान दिए हैं। उधर, थाना कैंट के प्रभारी जसबीर सिंह ने सोमवार को पूजा के पिता चानन के पुलिस स्टेशन आने की पुष्टि करते कहा कि उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था।