भाखड़ा नहर से मिली लाश, फिरोजपुर से किया था अगवा
एनआरआई ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिल करवाई पत्नी की हत्या: पिता
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। चौदह मार्च की सुबह गांव बग्गेके पिपल से गायब हुई एनआरआई महिला की लाश लहरा गागा से गुजरने वाली भाखड़ा नहर से सोमवार को बरामद हुई। मृतक महिला के पिता हरविंदर सिंह का आरोप है कि उनके दामाद ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर उनकी बेटी की हत्या करवाई है। इसके बाद आरोपियों ने लाश भाखड़ा नहर में फेंक दी। आरोपी समाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर पूछताछ करने में जुटी है। एनआरआई के गायब होने का मामला थाना आरिफके दर्ज है।
मृतक महिला रवनीत कौर (29) के पिता हरविंदर सिंह वासी बग्गेके पिपल ने फोन पर बताया कि उनकी बेटी की लाश भाखड़ा नहर से बरामद हुई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। हरविंदर ने बताया कि हत्या करने में एक युवती भी शामिल है। ये दो बहनें हैं। एक बहन आस्ट्रेलिया जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हत्या करने वाली युवती के संबंध कथित तौर पर उनके दामाद से है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
चौदह मार्च को हरविंदर सिंह निवासी गांव बग्गेके पिपल ने पुलिस दिए बयान में कहा था कि उसकी बेटी रवनीत कौर कुछ दिनों पहले आस्ट्रेलिया से अपने पति जसप्रीत सिंह के पास से चंडीगढ़, सेक्टर-47 डी अपने सुसराल आई थी। पखवाड़े भर पहले रवनीत कौर चंडीगढ़ से उनके पास आई थी। चौदह मार्च वीरवार की सुबह जसप्रीत का आस्ट्रेलिया से फोन आया, जिसे मोबाइल पर सुनते हुए रवनीत घर के बाहर निकल गई थी। जिसके बाद से वह लापता हो गई। रवनीत कौर के चार साल की बेटी भी है। जो कि इस समय उनके पास है। उधर, इस संबंधी पुलिस का कोई भी अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं है।