अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना सिटी साउथ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 10 लोगों को जुआ खेलते रंगेहाथ 42 हजार की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंबलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सीआईए स्टाफ के एएसआई जगदेव सिंह के अनुसार शनिवार देर शाम उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि गिल रोड पर सिटी पार्क के पास बैठकर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर प्रदीप सिंह दीपा वासी साधा वाली बस्ती, गुरचरन सिंह, बोबी सिंह, बूटा सिंह, गुरनाम सिंह, सत्तनाम सिंह, गुरमेल सिंह, गगनदीप सिंह, संतोश सिंह वासी साधा वाली बस्ती और चरनजीत सिंह वासी विश्वकर्मा नगर मोगा को जुआ खेलते 42 हजार की नकदी के साथ काबू कर लिया। जांच अधिकारी का कहना है कि सभी आरोपियों को नामजद करने के बाद फिलहाल उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया है।