अमृतसर में स्टाफ नर्स के आवास व अन्य ठिकानों पर छापेमारी
नहीं मिली नर्स, कठुआ में रेड के लिए कोर्ट से लिया वारंट
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। 3 दिन पहले लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद जिला पुलिस की ओर से बुधवार को मेंटल अस्पताल अमृतसर में तैनात आरोपी स्टाफ नर्स मंजीत कौर को काबू करने के लिए विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गई, परंतु वह पुलिस के हत्थे नहीं लगी। थाना प्रभारी सुजानपुर प्रेम कुमार ने कहा कि पुलिस टीम की ओर से अमृतसर मेंटल अस्पताल के सरकारी क्वार्टर में रह रही स्टाफ नर्स मंजीत कौर को काबू करने के लिए दबिश की गई थी, लेकिन घर के बाहर ताला लगा होने के कारण वह वहां नहीं मिली। इसके अतिरिक्त पुलिस की ओर से उनके रिश्तेदारों के घर भी छापेमारी की गई है, लेकिन वहां भी न होने के कारण पुलिस को वापस आना पड़ा। कठुआ के नेशनल स्कैन सेंटर पर कार्रवाई संबंधी पूछने पर उन्होंने कहा कि इस पर कार्रवाई करने के लिए कोर्ट से वारंट ले लिया गया है तथा इस स्कैनिंग सेंटर पर कार्रवाई करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त आरोपितों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।