सिंगापुर व कनाडा भेजने का झांसा दे छह लाख ठगे, दो पर केस
लोन वाले घर का सौदा करवा दस लाख दस हजार की ठगी, दो पर मामला
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
पुलिस ने सिंगापुर और कनाडा भेजने का झांसा देकर छह लाख की ठगी के मामले में दो लोगों पर केस दर्ज किया है। इस तरह पुलिस ने एक घर का सौदा करवा एडवांस में दस लाख दस हजार लेकर ठगी करने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
गोल्डन इनक्लेव निवासी अभिषेक ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी पुनीत कुमार वासी मकान नंबर-57, गली नंबर-एक धवन कॉलोनी ने उसे सिंगापुर वर्क परमिट पर भेजने के बजाय उसे टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया। इसके एवज में उसने उससे एक लाख रुपये ले लिए। इस वजह से उसे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। थाना सिटी पुलिस ने पुनीत कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस तरह बलदेव सिंह वासी गांव नूरपुर (जीरा) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने अपना बेटे सतनाम सिंह को कनाडा भेजना था। उसकी मुलाकात आरोपी करनैल सिंह वासी घुरकी बहक फत्तू से हुई। आरोपी ने उसके बेटे को कनाडा भेजने के लिए पांच लाख रुपये मांगे जो उसने दे दिए थे। काफी दिनों तक उसने उसके बेटे को कनाडा नहीं भेजा और न ही उसके पैसे वापस लौटाए। बलदेव ने पुलिस को शिकायत दी। जीरा सदर थाना के एएसआई कुलवंत सिंह ने पूरे मामले की जांच करने के बाद आरोपी करनैल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उधर, वीरा रानी वासी मॉडल टाउन गुरुहरसहाए ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक घर खरीदना था। आरोपी सुवर्षा रानी और सुरेंद्र कुमार ने उन्हें एक घर दिखाया, लेकिन यह नहीं बताया कि उक्त घर पर पहले से ही 40 लाख रुपये का लोन है। लोन वाली बात छिपाकर आरोपियों ने उनसे एडवांस में दस लाख दस हजार रुपये ले लिए। जब उन्हें पता चला कि उक्त कोठी पर चालीस लाख रुपये का लोन है, तो उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे जो उन्होंने देने से साफ इनकार कर दिया। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने के बाद उक्त आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।