पार्क में मिला युवती का जला शव
शिनाख्त में जुटी पुलिस, नहीं लगा कोई सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
कपूरथला रोड पर स्थित पार्क में बुधवार सुबह एक युवती का जला शव मिला है। शव को किसी ज्वलनशील से जलाए जाने की आशंका है। हालांकि मृतका की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन उसकी उम्र करीब 20 साल होने की आशंका है।
जालंधर पुलिस की ओर से सूबे के सभी थानों की पुलिस को इस बारे में सूचना भेजी गई है, ताकि जो इस उम्र के आसपास की लड़कियां हैं, उनके परिवार को बुलाकर शव की शिनाख्त करवाई जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को यह हत्याकांड सुनयोजित लग रहा है। क्योंकि मौके से कोई भी सामान, मोबाइल या ज्वलनशील पदार्थ के लिए इस्तेमाल कैन या बैग नहीं मिला है। एडीसी पी सिटी-2 सुडन विजी ने कहा कि पुलिस अभी लड़की की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके बाद ही आगे जांच शुरू हो पाएगी।
स्थानीय कमिशनरेट पुलिस की बस्ती बाबा खेल पुलिस ने आसपास की फैक्टरियों से भी युवती के लापता होने के बारे में पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने इलाके में सीसीटीवी फुटेज में भी खंगाले है। एडीसीपी सुडन विजी का कहना है प्राथमिक जांच में युवती की हत्या कर पार्क में जलाए जाने की आशंका लग रही है। पुलिस को जांच में इतना ही पता चला है कि मंगलवार रात को 8:30 बजे एक युवक व युवती पार्क के पास देखे गए थे। ऐसी आशंका है कि युवती की हत्या करने के लिए ही पार्क में लाया गया। वहां पहले उसके साथ समय बिताकर रात होने का इंतजार किया गया, फिर उसकी हत्या कर दी गई और शव को जला दिया गया। एडीसीपी सुडन विजी के मुताबिक हत्या सुनियोजित इसलिए भी लग रही है, क्योंकि मौके से पुलिस को कई कागजात या सामान नहीं मिला।