छात्रा का अपहरण कर रेप की कोशिश
दोनों आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
यूनिवर्सिटी पढ़ने जा रही एक छात्रा का दो लोगों ने आई-20 कार में अपहरण कर लिया। वे उसे जबरन रेलवे स्टेशन के पास गेस्ट हाउस पर ले गए। वहां पर उन्होंने उसके साथ दुराचार की कोशिश की। छात्रा किसी तरह से छूटकर घर वापस आ गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान किशनपुरा के रहने वाले गोल्डी प्रिंस और गुलशन गिल निवासी रिशी नगर के तौर पर हुई है। पीड़िता का कहना था कि वह यूनिवर्सिटी जा रही थी कि रास्ते में दोनों ने आई-20 कार में उसका अपहरण कर लिया। वे उसके मुंह पर हाथ रखकर जबरन उसको गेस्ट हाउस ले गए। वहां पर उसके साथ दुराचार की कोशिश की गई। बारादरी थाना के एसएचओ बलवीर सिंह का कहना है कि कार को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।