शशि शर्मा पर कातिलाना हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
27 नवंबर को किया गया था हमला, मुख्य सरगना अब भी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। मोता सिंह नगर मार्केट में स्थित अपने दफ्तर में बैठे मानवाधिकार संगठन के प्रधान शशि शर्मा व उनके वकील बेटे सन्नी शर्मा पर 27 नवंबर को तेजधार हथियारों से हमला करने वालों में शामिल एक और हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। अभी मुख्य आरोपी दलबीर बीरा फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी गुरमीत सिंह ने बताया कि थाना छह के प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ ने पुलिस पार्टी सहित भगत सिंह कॉलोनी वाई प्वाइंट के नजदीक से शशि शर्मा पर हमला करने वालों में शामिल रूबी निवासी प्रीत नगर सोढल रोड को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया दातर बरामद कर लिया है। पुलिस ने 29 नवंबर को प्रदीप कुमार और विक्रमजीत सिंह उर्फ बाबा उर्फ निहंग को भी गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी दलबीर और उनके साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं शशि शर्मा की हालत में सुधार हुआ है और उनका आपरेशन कर टांगों की हड्डियों को जोड़ा गया है।