स्टेशन को उड़ाने की धमकी के बाद आरपीएफ ने बढ़ाई गश्त
दिल्ली में मिले धमकी भरे पत्र को लेकर पूरे डिवीजन गर्म रहा माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। रेल डिवीजन फिरोजपुर के लुधियाना, फाजिल्का व फिरोजपुर रेलवे स्टेशन को विस्फोटक पदार्थ से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने पर आरपीएफ ने विभिन्न ट्रेनों व स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। हर ट्रेनों की चेकिंग की जा रही है। स्टेशन पर शकी व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। उधर, आरपीएफ के पोस्ट कमांडर तरलोचन सिंह ने कहा कि स्टेशन व ट्रेनों की चेकिंग की जा रही है। धमकी भरा पत्र उनके पास नहीं हेड क्वार्टर के पास हो सकता है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे डिवीजन के स्टेशनों और ट्रेनों में चौकसी बढ़ा दी गई है। बता दें दिल्ली हेड क्वार्टर में यह धमकी भरा पत्रा मिला है। जिसमें पंजाब के मुख्य स्टेशनों को उड़ाने की धमकी दी गई है।
फिरोजपुर रेल डिवीजन के कई स्टेशन सीमावर्ती इलाके में हैं, जैसे फिरोजपुर छावनी व शहर, पठानकोट, जम्मूतवी, सांबा, कठुआ, फाजिल्का रेलवे स्टेशन शामिल हैं। कुछ साल पहले जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें कई लोग मरे थे। इसके अलावा लुधियाना रेलवे स्टेशन पर आतंकी बलबीर सिंह भूतना ने फायरिंग की थी, जिसमें एक वेंडर की मौत हो गई थी। मौजूदा समय में आतंकी भूतना नाभा जेल में बंद हैं। इसके अलावा कुछ साल पहले पांच पाक नागरिक हुसैनीवाला बार्डर की तरफ से घुसपैठ कर फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे, तीन पाक नागरिकों को फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन के एक टी-स्टाल ने आरपीएफ को सूचना देकर पकड़वाया था। जबकि दो पाक नागरिकों का अभी तक पता नहीं चला है। इसके अलावा गुरदासपुर के नजदीक रेलवे पुल से गुजर रहे ट्रैक पर बम मिले थे जिसे गैंगमैन ने देखा था। इस प्रकार की वारदात के मद्देनजर धमकी भरे पत्र मिलने को लेकर आरपीएफ ने पूरे डिवीजन के स्टेशनों और ट्रेनों पर गश्त बढ़ा दी है। ट्रेन में जिस भी व्यक्त पर शक होता है उसकी तलाशी ली जा रही है।