पठानकोट। थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस ने सरकारी रिकार्ड और बिल चुराने के आरोप में फारेस्ट इंचार्ज पर मामला दर्ज किया है। मामले की शिकायत वन रेंज दफ्तर के वन गार्ड रघुबीर सिंह ने की थी। आरोपी की पहचान सतनाम सिंह के तौर पर हुई है। बता दें कि आरोपी पहले ही किसी अन्य मामले में सस्पेंड चल रहा था।
वन गार्ड ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 29 अप्रैल को वह और ब्लाक इंचार्ज राकेश कुमार अपने पठानकोट वन रेंज दफ्तर में काम कर रहे थे। इसी दौरान सस्पेंड चल रहे सतनाम सिंह आए और रेंज अफसर की कुर्सी पर बैठ गए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों से सवाल-जवाब करने शुरू कर दिए और काम करने से रोक दिया। आरोप है कि सतनाम सिंह ने कथित तौर पर उन्हें सरकारी बिल बनाने से रोका। जांच अधिकारी एएसआई लेखराज ने बताया कि रेंज दफ्तर से मिली शिकायत में बताया गया है कि उक्त आरोपी ने ब्यूटीफिकेशन ऑफ यूबीडीसी प्रोजेक्ट के बिल और अन्य रिकार्ड चुराया हैं। मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्तार से बाहर है। जांच जारी है।