कपड़ा कारोबारियों से दस लाख की नकदी बरामद
फरीदकोट। जिला पुलिस ने चुनाव आचार संहिता के तहत शुक्रवार को नाकाबंदी के दौरान कार सवार डबवाली (हरियाणा) के दो कपड़ा कारोबारियों से 10 लाख की नकदी बरामद की है। इस नकदी के बारे में कोई सबूत न पेश किए जाने पर पुलिस ने राशि को जब्त कर लिया है। डीएसपी जैतो गुरप्रीत सिंह ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के तहत 50 हजार या उससे ज्यादा की नकदी साथ ले जाते समय सम्बंधित व्यक्ति के पास पैसे का सबूत व स्टेटमेंट होनी जरूरी है। शुक्रवार को थाना बाजाखाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सवार डबवाली के कपड़ा व्यापारी महेश कुमार व राकेश कुमार को रोका और शक के आधार पर कार की तलाशी लेने पर कार में पड़े थैले से दस लाख 10 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान व्यापारियों ने दावा किया कि वह अमृतसर में कपड़ा खरीदने जा रहे थे, लेकिन इस के बारे में वह पुलिस के पास कोई लिखित सबूत व स्टेटमेंट नहीं पेश कर सके।