हवलदार के बेटे से अवैध असलाह बरामद, जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। सीआईए स्टाफ पुलिस ने गश्त के दौरान हवलदार के बेटे से 12 बोर की बंदूक और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना अजीतवाल में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया। जांच कर रहे एएसआई अशोक कुमार के अनुसार शुक्रवार को गांव चूहड़चक्क में गश्त के दौरान उन्होंने स्विफ्ट कार सवार गुरविंदर सिंह उर्फ काली को शक के आधार पर रोका। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 12 बोर की बंदूक और दो कारतूस मिले। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले रंजिश में उसके पिता हवलदार बलवीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। उसके बाद से उसकी आरोपियों के साथ रंजिश थी। 2016 में उसका एक दोस्त कनाडा चला गया था और जाते समय उसे अपनी लाइसेंसी बंदूक दे गया था। तब से वह बंदूक हर समय अपने साथ लेकर घूमता है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को असलाह एक्ट के तहत नामजद कर जेल भेज दिया।