31 हजार 200 प्रतिबंधित गोलियों सहित दो केमिस्ट संचालक काबू
अदालत ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना निहालसिंह वाला पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार सवार दो लोगों को काबू करके 31 हजार 200 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे थानेदार हरबंस लाल के अनुसार वीरवार की शाम करीब साढे़ पांच बजे वह पुलिस टीम के साथ गांव हिम्मतपुरा के टी प्वाईंट पर नाका लगाए खड़े थे तो वहां से गुजर रही आई-20 कार नंबर पीबी73ए-130 को पुलिस ने शक के आधार पर रोक लिया। कार सवार दो लोगों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनसे नशे के तौर पर इस्तेमाल होने वाली 31200 गोलियां बरामद कर लीं। जांच अधिकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह काला वासी मझूके (बरनाला) और सिकमिस गर्ग उर्फ कन्नू वासी तपा मंडी (बरनाला) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन दोनों मेडिकल स्टोर संचालक हैं। वह बरनाला से प्रतिबंधित गोलियां मोगा बेचने के लिए आ रहे थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को नामजद करने के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।