युवक ने लगाया फंदा, 5 पर केस दर्ज
मुक्तसर। मौड़ रोड स्थित सुंदर नगर निवासी युवक ने रविवार को फंदा लगा लिया। पुलिस के अनुसार रवि कुमार (32) पुत्र सतपाल अनाज मंडी में धान खरीदने वाले कांटे पर काम करता था। इस बार उसे और उसे साथियों को घाटा पड़ा था। उसके साथी अकेले रवि कुमार से ही घाटा वसूल करना चाहते थे। इससे वह उसे तंग करते रहते थे। इसी बात को लेकर वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। जिसके चलते वह रविवार की दोपहर को पहले अपनी पत्नी और दोनों बेटियों को मस्जिद के पास स्थित ससुराल घर छोड़ के आया। इसके बाद देर रात उसने घर में पंखे से फंदा लगा लिया। थाना सिटी पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनिया के बयान पर गुरमीत, रमन, सोनू, मंगा और रूबी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।