महंगे शौक पूरे करने के लिए की चोरी
- 11 से 13 वर्ष की उम्र के आरोपियों ने कबूला गुनाह, मिली जमानत
- 28 नवंबर की रात जूते के शो रूम में हुई थी चोरी की घटना
कपूरथला ।
अच्छे और महंगे जूते पहनने का शौक पूरा करने के लिए जूते के शो रूम में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन नाबालिग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस यह देखकर हैरान रह गई कि सभी आरोपियों की उम्र 11 से 13 वर्ष के बीच है। घटना 28 नवंबर की रात नेशनल शू जोन में हुई थी। आरोपियों की उम्र कम होने के कारण ही मंगलवार को उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। कोर्ट ने मामले में पुलिस को निर्देश दिए हैं कि आरोपियों की मनोचिकित्सकों से काउंसलिंग कराई जाए।
सीआईए स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह, एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि थाना सिटी की पुलिस गश्त कर रही थी कि मुखबिर के जरिये उन्हें पुलिस ने नेशनल शू जोन में चोरी करने वाले आरोपियों के बारे में पता चला। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी आरोपी 11 से 13 वर्ष तक की उम्र के निकले। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी की बात कबूल कर ली।
थाना सिटी की पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पांच मोबाइल फोन, छह घड़ियां, एक जोड़ी बूट और 2000 रुपये की नकदी बरामद कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कोर्ट ने दिया मनोचिकित्सक से काउंसलिंग कराने के आदेश
आईओ एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जब तीनों नाबालिग आरोपियों को जूवेनाइल कोर्ट में पेश किया तो जज ने उन्हें जमानत दे दी और आदेश दिया कि उनकी मनोचिकित्सक से काउंसलिंग करवाई जाए। ताकि उन्हें भविष्य में अच्छा नागरिक बनने के प्रति प्रेरित किया जा सके। एसएसपी संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की उम्र कम है। वे छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि भी अच्छी नहीं है। इनके माता-पिता मजदूर हैं।
मनोचिकित्सक से कराएंगे आरोपियों की काउंसलिंग : एसएसपी