स्कूली बस से डेढ़ किलो भुक्की बरामद, 2 गिरफ्तार
मिलिट्री पुलिस ने पकड़कर थाना मामून कैंट को सौंपा मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। मामून सैन्य क्षेत्र के मेन गेट पर मिलिट्री पुलिस ने 2 लोगों को डेढ़ किलो भुक्की के साथ पकड़ा है। मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी 2 लोगों को पकड़ने की बात मान रहे हैं। वहीं सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 7 बजे के करीब केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3 और 4 के विद्यार्थियों को जाने लेजाने वाली बस में नशीला पदार्थ होने की सूचना मिलिट्री पुलिस को मिली थी। सुबह जैसे ही बस बुंगल टीसीपी गेट पर पहुंची सीएमपी ने बस की तलाशी शुरू की। इसी दौरान कंडक्टर सीट के पास वाले बक्से को खोलने के लिए कहा गया तो ड्राइवर चाबी न होने का बहाना बनाने लगा। जिसके चलते ताला तोड़ा गया तो उसमें से भुक्की बरामद हुई। सैन्य अधिकारियों ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को मामून पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ हरप्रीत कौर ने बताया कि 2 लोगों को पकड़ा है। जांच जारी है, पूरी होने के बाद ही जानकारी दी जाएगी।