मॉर्डन जेल से 12 मोबाइल बरामद
तीन महिलाओं समेत पांच हवालाती नामजद, सात मोबाइल लावारिस मिले
अमर उजला ब्यूरो
कपूरथला। माडर्न जेल कपूरथला में बीते एक सप्ताह में 12 मोबाइल हवालातियों व उनकी बैरकों से जब्त किए है। थाना सदर में तीन महिलाओं समेत पांच हवालातियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। वहीं सात मोबाइल लावारिस हालत में मिले।
जेल कपूरथला के सहायक सुपरिंटेंडेंट अमरीक सिंह व परमजीत सिंह ने महिला बैरकों में औचक निरीक्षण में हवालाती अमनप्रीत कौर निवासी गांव भैणी कादर बख्श कपूरथला, कमलजीत कौर निवासी गांव गन्ना, फिल्लौर से दो मोबाइल, दो बैटरी व एक सिम बरामद हुआ। पुरुष बैरकों की चेकिंग में हवालाती कोमल कुमार उर्फ कोमल निवासी गांव मेहली जिला शहीद भगत सिंह नगर से एक मोबाइल व बैटरी बरामद हुई। इसी तरह हवालाती बलजिंदर कौर उर्फ मनजीत कौर उर्फ मीता निवासी लखनपाल जमशेर जिला जालंधर से च मोबाइल, सिम व बैटरी के अलावा चार्जर बरामद हुआ। बैरक में पुलिस को तीन मोबाइल व बैटरी लावारिस हालत में मिले। पुरुष बैरक में चेकिंग के दौरान हवालाती राजविंदर सिंह उर्फ राजा निवासी मोहल्ला हरनाम नगर कपूरथला से एक मोबाइल मिला। चार मोबाइल, चार बैटरी व चार सिम लावारिस हालत में मिले। थाना सदर के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल हरजिंदरपाल ने बताया कि प्रोडक्शन वारंट पर हवालातियों को लाकर पूछताछ की जाएगी। हेड कांस्टेबल इसरू प्रसाद ने बताया कि लावारिस मिले मोबाइल के आईईएमआई नंबर मिटे हैं। पुलिस ने अज्ञात हवालातियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।