मुक्तसर में युवक से गाड़ी छीन लुटेरे फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)। यहां के भारु रोड स्थित जीएनआर कांप्लेक्स के सामने से युवक से कुछ अज्ञात व्यक्ति उसकी ईटिओस लीवा गाड़ी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बीदोवाली निवासी अनमोल सिंह पुत्र अमरवीर सिंह सुबह रोजमर्रा की तरह ही जिम जाने के लिए जीएनआर कांप्लेक्स के समक्ष पार्किंग में अपनी गाड़ी खड़ी कर निकल रहा था। इस दौरान पीछे से आए एक व्यक्ति ने उसे रोककर गाड़ी की चाबी मांगी। जब अनमोल ने चाबी मांगने का कारण पूछा तो वह उसे धमकाने लगा। डर के मारे अनमोल ने गाड़ी की चाबी उसे दे दी। इतने में ही उसका एक सरदार साथी होंडा सिटी गाड़ी से उतरा और उसकी गाड़ी चालू कर ले गया। दूसरा व्यक्ति जाते-जाते मोबाइल भी छीन ले गया। जब तक अनमोल ने शोर मचाना शुरु किया तब तक दोनों नौ-दो ग्यारह हो चुके थे। कुछ देर में शोर सुनकर कांप्लेक्स का मालिक आया तो उसके साथ अनमोल ने स्कूटर का पीछा किया। लुटेरों का कुछ पता न चला। अनमोल के अनुसार लुटेरे चार थे।
डीएसपी राजपाल सिंह हुंदल ने बताया कि अनमोल के अनुसार चार लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है, जिनके पास हथियार तो नजर नहीं आ रहे थे। अनमोल को उनके पास हथियार होने का भय था, जिसके चलते वह डर गया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।