तीन किलो 400 ग्राम अफीम सहित दपंती गिरफ्तार
होशियारपुर। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दंपती से 3 किलो 400 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। एसएसपी जे. इलनचेझियन ने शनिवार को शाम पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में नशे की बड़ी खेप आने वाली है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की और भगत नगर टी प्वाइंट थाना मॉडल टाउन के प्रभारी भरत मसीह के नेतृत्व में की नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार दंपती को जांच लिए रोका। जांच में पुलिस ने एक्टिवा की डिग्गी में छुपाकर रखी तीन किलो 400 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपियों की पहचान सुरिंदर पाल और उसकी पत्नी बिमला देवी निवासी सेंट्रल टाउन के तौर पर की गई। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को इलाका मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ के दौरान जांच की जाएगी कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आए थे, कहां सप्लाई करनी थी। आरोपी सुरिंदरपाल के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। एक्टिवा को भी कब्जे में ले लिया है।