इंस्पेक्टर की वीडियो बना सोशल मीडिया में डाली
जीरा नगर काउंसिल के सेनेटरी इंस्पेक्टर से चार लोगों ने किया दुर्व्यवहार
सड़क के बीच मलवा फेंकने पर इंस्पेक्टर ने काटा था चालान
पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला किया दर्ज, एक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सड़क के बीच मलवा फेंकने पर जीरा नगर काउंसिल के सेनेटरी इंस्पेक्टर की ओर से चालान काटने पर चार लोगों ने उसके साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की। यही नहीं आरोपियों ने इंस्पेक्टर की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाली। थाना जीरा सिटी पुलिस ने शनिवार को पीड़ित के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सेनेटरी इंस्पेक्टर रमन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी परमिंदर सिंह ने मलवे का ढेर सड़क के बीच लगा दिया था। जिस कारण लोगों को बहुत परेशानी हो रही थी। इंस्पेक्टर रमन ने नियम मुताबिक परमिंदर का चालान काट दिया। इसी बात पर नाराज परमिंदर सिंह, मनजोत सिंह, दविंदर कथूरिया व पंकज छाबड़ा ने इंस्पेक्टर रमन के साथ दुर्व्यवहार किया और गाली-गलौच की। इसके अलावा आरोपियों ने इंस्पेक्टर रमन की वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर डाल दी। जैसे ही सोशल मीडिया पर वीडियो चलने लगी, लोगों ने अपने-अपने कमेंट देना शुरू कर दिया। रमन ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पंकज छाबड़ा को गिरफ्तार कर लिया। थाना सिटी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले की तफ्तीश एएसआई गुरदीप सिंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।