क्लैन डिश बेचने वाले दुकानदार पर मामला दर्ज
डिश पर चलने वाले चैनल भारत के खिलाफ दिखा रहे भड़काऊ भाषण
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सीमावर्ती गांवों में पाकिस्तानी और सऊदी अरब के चैनल प्रसारित करने वाली डिश (क्लैन डिश) बेचने के आरोप में थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने एक दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त डिश पर प्रसारित अधिकतर चैनलों पर भारत के खिलाफ अपशब्दों के अलावा भड़काऊ भाषण दिए जाते हैं। मामले की जांच थाना गुरुहरसहाए के प्रभारी रमन कुमार कर रहे हैं।
राजन कुमार निवासी गांव बीड़ हरबंसपुरा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि तरसेम कुमार की पंजाब टीवी सेंटर के नाम से गुरुहरसहाए नगर काउंसिल के सामने दुकान है। तरसेम अपनी दुकान पर क्लैन डिश बेचता है। इस डिश पर अधिकतर पाकिस्तानी और सऊदी अरब के चैनल चलते हैं। इन चैनलों पर भारत के खिलाफ अपशब्द बोले जाते हैं और भड़काऊ भाषण चलते हैं। ऐसे चैनलों के कारण भारत का माहौल खराब हो सकता है। पुलिस ने क्षेत्र में इस प्रकार की डिश बेचने को मनाही की है।