10 हजार रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
झपटमारी के आरोपी के भाई से धमकी देकर मांगी थी रिश्वत
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने शाहकोट थाना में तैनात एएसआई को 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एएसआई यह रिश्वत झपटमारी के मामले में गिरफ्तार आरोपी के भाई को डरा धमकाकर वसूल रहा था।
एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर ढिल्लों ने बताया कि उनके पास मंगल सिंह सोनू निवासी कन्या खुर्द ने शिकायत दी थी कि शाहकोट में तैनात एएसआई अवतार सिंह उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। मंगल सिंह के भाई अरुणा पर 2016 में झपटमारी का मामला दर्ज हुआ था। इसकी जांच एएसआई अवतार सिंह के पास थी। एएसआई अवतार सिंह ने मंगल सिंह को कहा कि अगर मामले में उसका भाई अरुण दीप अरुणा गिरफ्तार नहीं हुआ तो उसे भगोड़ा करार दे दिया जाएगा। अरुणा ने बीती 11 सितंबर को नकोदर अदालत में सरेंडर कर दिया था। उसको पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया था।
मंगल सिंह ने 12 सितंबर को उसको थाने बुलाया और धमकाया कि जिस मामले में अरुणा की गिरफ्तारी डाली गई है, उसमें तुम्हें भी नामजद किया जा रहा है। मंगल सिंह इससे घबरा गया तो एएसआई अवतार सिंह ने कहा कि उसको राहत तभी मिल सकती है, अगर वह 25 हजार की रिश्वत उसको देगा। मंगल सिंह सोनू ने काफी मिन्नत की तो एएसआई अवतार सिंह के साथ 10 हजार में सौदा तय हो गया। बुधवार को विजिलेंस की टीम ने एएसआई अवतार सिंह को रिश्वत लेते काबू कर लिया।