होशियारपुर। जिला पुलिस की एक विशेष टीम ने कई वारदातों में शामिल एक गैंगस्टर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार देसी पिस्तौल 9 एमएम समेत 48 गोलियां, 1 रिवॉल्वर 32 एमएम और 93 गोलियां, 2.57 लाख रुपये नकद, 320 ग्राम नशीला पाउडर, 30 ग्राम हेरोइन, नशा तोलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो इलेक्ट्रानिक तराजू, 4 मोबाइल, एक लैपटॉप और दो इंटरनेट डोंगल बरामद किए हैं।
एसएसपी जे. एलांचेझियन ने मंगलवार शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि बताया कि एसपी (जांच) धर्मवीर के नेतृत्व में बनी उक्त टीम में डीएसपी टांडा गुरप्रीत सिंह गिल्ल, डीएसपी मेजर क्राइम राकेश कुमार, थाना टांडा के प्रभारी हरगरदेव सिंह, थाना मॉडल टाउन के प्रभारी भरत मसीह, सीआईए स्टाफ के गगनदीप सिंह व बलविंदर सिंह को भी शामिल किया गया था। पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के बाद जाजा चौक में विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां से गुजर एक सफारी गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया लेकिन आरोपियों ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने पीछा कर गाड़ी रोक ली। दोनों आरोपियों ने रेलवे ओवर ब्रिज से कूद कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया। दोनों की पहचान गैंगस्टर मनजीत सिंह उर्फ जपी उर्फ चप्पी, निवासी हंदोवाल कलां व बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर निवासी भीलोवाल रोड चब्बेवाल के तौर पर की गई। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।