फिरोजपुर। थाना सदर जीरा के अंतर्गत गांव लहिरा रोही के पेट्रोल पंप के नजदीक से चार शातिर नगर निगम मोगा की बिल्डिंग इंस्पेक्टर से पंद्रह लाख रुपये की हांडा सिटी कार छीनकर ले गए। पीड़िता मोगा से नौकरी कर कार से तलवंडी भाई लौट रही थी। थाना सदर जीरा पुलिस ने पीड़िता के बयान पर चार अज्ञात शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हरप्रीत कौर वासी गांव भंगाली कलां थाना मजीठा जिला अमृतसर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मोगा कारपोरेशन में बिल्डिंग इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। मोगा से नौकरी कर अपनी हांडा सिटी कार से तलवंडी भाई लौट रही थी। गांव लहिरा रोही के पेट्रोल पंप के नजदीक चार शातिरों ने उसकी कार रुकवा ली। आरोपी चालक वाली शीट का शीशा तोड़कर उसकी कार लेकर फरार हो गए। कार में कई जरूरी दस्तावेज भी पड़े थे। थाना सदर जीरा पुलिस ने बयान के आधार पर चार अज्ञात शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।