जालंधर। जल्द अमीर बनने की ख्वाहिश में एक दिहाड़ीदार व्यक्ति तस्कर बन बैठा। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया। एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने बताया एसआई निर्मल सिंह पुलिस पार्टी सहित तलवंडी माधो थाना शाहकोट में गश्त पर थे। एसआई ने बाइक सवार व्यक्ति को शक होने पर तलाशी ली तो 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह दिहाड़ी पर काम करता था, जिससे उसका गुजारा नहीं चलता था। इसलिए जल्द अमीर बनने की ख्वाहिश में उसने फिरोजपुर के दो व्यक्तियों से नशा खरीद कर बेचना शुरू कर दिया। आरोपी की पहचान बहादुर सिंह उर्फ बलबीर निवासी सेंचा थाना सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला के रूप में बताई है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।