अवैध रेत खनन के आरोप में दो पर केस दर्ज
दो पोप लाइन मशीन, सात ट्टिपर, एक ट्रैक्टर व एक रेत से लदा ट्राला पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना मक्खू के तहत गांव गट्टा बादशाह की तरफ से गुजरने वाले सतलुज दरिया में अवैध रेत खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर वहां से रेत निकालने वाली दो पोप लाइन मशीन, सात टिपर, एक ट्रेक्टर और रेत से लदा एक ट्राला बरामद किया है। पुलिस को देख घटनास्थल से सभी आरोपी फरार हो गए। थाना मक्खू पुलिस ने वीरवार को रेत खनन के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
पिछले लंबे समय से गट्टा बादशाह से गुजरने वाले सतलुज दरिया की जमीन से अवैध रेत खनन का कारोबार चल रहा था। जिससे वहां के गांव वाले बहुत परेशान थे, क्योंकि रेत से लदे हुए बड़े-बड़े ट्राले गांव के बीच से गुजरते थे, जिससे गांव में बनी सड़कें भी टूट गई थीं। ग्रामीणों ने पुलिस को शिकायत की। सूचना मिलने पर एएसआई सुरजीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर छापा मारा। पुलिस को देख कर अवैध रेत खनन का कारोबार कर रहे आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस को घटनास्थल से दो पोप लाइन मशीन, सात टिपर, एक ट्रैक्टर और रेत से लदा एक ट्राला बरामद हुआ है। थाना मक्खू पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह ग्रेवाल वासी टाहली वाला जट्टा जिला फाजिल्का व परमिंदर सिंह उर्फ काला वासी भागोके थाना मल्लांवाला जिला फिरोजपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फरार हैं।