दूसरी शादी कर रही पत्नी और युवक को पति ने धुना
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शहर के गांधी कैंप इलाके की रहने वाली एक युवती पहले पति को तलाक दिये बिना दूसरी शादी करने जा रही थी, लेकिन उसके पति ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और उसके बनने वाले पति की जमकर धुनाई कर दी। पति ने इस सारी घटना का वीडियो भी बनाया है, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल है। जानकारी के अनुसार गांधी कैंप की रहने वाली एक युवती अपने पति को बिना तलाक दिये दूसरी शादी करने वाली थी। लड़की अपने बनने वाले पति व अपनी बनने वाली सास के साथ आटो रिक्शा पर जा रही थी, लेकिन उसके पहले पति विक्की को इस बारे में पता चला तो उसने अपनी पत्नी और उसके नये बनने वाले पति और सास को बीच सड़क में ही रोक लिया। पहले पति ने अपने साथियों के साथ लड़की और उसके बनने वाले पति व उसकी मां की जमकर धुनाई की। इस मामले का वीडियो भी बनाया गया, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि मामला थाने नहीं आया है। पहले पति के अनुसार अभी तक उनका तलाक नहीं हुआ है। अदालत में केस चल रहा है, ऐसे में उसकी पत्नी दूसरी शादी नहीं कर सकती।