जहर खिलाकर की दोस्त की हत्या
पुलिस ने चार युवकों पर किया मामला दर्ज, फरार
जलालाबाद (फिरोजपुर)। चार युवकों ने मिलकर अपने 19 वर्षीय दोस्त की जहर खिलाकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को खुर्दबुर्द करने के लिए किसी सुनसान जगह पर फेंक दिया। थाना सिटी पुलिस ने वीरवार को आरोपी चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। मृतक रूपिंदर सिंह (19) की मां सुनीता रानी पत्नी आत्मा सिंह वासी बागा कालोनी जलालाबाद नजदीक चस्का फूड जलालाबाद ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि 28 मई की शाम 5.45 बजे घर से बेटे रूपिंदर सिंह को उसके दोस्त कुनाल मलहोत्रा, जज, कर्ण दर्गन समेत चार युवक ले गए। देर शाम तक रूपिंदर घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू कर दी। 29 मई को उसकी लाश बरामद हुई। सुनीता का आरोप है कि उसके बेटे को उक्त चारों आरोपियों ने कोई जहरीली वस्तु खिलाकर उसकी हत्या कर दी है। इस मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई करनैल सिंह ने कहा कि सुनीता रानी के बयान पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।