एक किलो हेरोइन, नकदी समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
बार्डर से हेरोइन लाकर करने जा रहे थे सप्लाई
दो आल्टो कार बरामद, एक गाड़ी चोरी की
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बार्डर रोड और बस अड्डा कटोरा के पास से चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन, ड्रग्स मनी 17020 हजार रुपये और दो आल्टो कार बरामद की है। एक कार चोरी की बताई जा रही है। थाना सिटी और थाना आरिफके पुलिस ने सोमवार को उक्त चारों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना सिटी पुलिस के मुताबिक एएसआई सुखचैन सिंह को मुखबिर ने सूचना दी थी कि बार्डर से हेरोइन आ रही है, जिसे आगे सप्लाई किया जाना है। सुखचैन सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ बार्डर रोड पर नाकाबंदी की। आल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। इस पर कार से 750 ग्राम हेरोइन व 17020 हजार रुपये बरामद हुई। पकड़े गए तस्करों की पहचान संजू वासी बस्ती आवा, सागर वासी गोलबाग व साहब वासी बस्ती भट्टियां वाली के रूप में हुई है।
इसी तरह, सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर परमजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की कार पर सवार तस्कर हेरोइन लेकर आ रहा है। इंस्पेक्टर ने बस अड्डा कटोरा के पास एक बिना नंबर की आल्टो कार को रोका। कार की तलाशी में 270 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी वासी रूकनशाह वाला के रूप में हुई है। थाना आरिफके पुलिस ने सोमवार को तस्कर गुरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।