तेजधार हथियार से की बुजुर्ग महिला की हत्या
फिरोजपुर। थाना घल्लखुर्द के तहत पड़ते गांव मिर्जेके स्थित एक घर में तेजधार हथियार से बदमाशों ने साठ वर्षीय महिला की हत्या कर दी। महिला का शव खून से लथपथ रसोई में पड़ा था। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने मृतक महिला के पति के बयान पर हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक महिला हरभजन कौर के पति बख्शीष सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी पत्नी हरभजन कौर शाम छह बजे घर की रसोई में बेहोशी मिली। हरभजन के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था। उन्हें उपचार के लिए वह मोगा ले गए, जहां हालात बहुत खराब होने पर डाक्टरों ने पत्नी को फरीदकोट मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बख्शीष सिंह ने बताया कि मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना और अधिक खून बहना है। उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी भी नहीं है, ऐसे में उन्हें नहीं पता है कि उनकी पत्नी की हत्या क्यों और कैसे की गई। पुलिस इंस्पेक्टर किरपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।