चप्पल के सोल में छिपाकर रखा था मोबाइल
जेल में चेकिंग के दौरान चार कैदियों से तीन मोबाइल मिले
कपूरथला। जेल के अंदर मोबाइल छिपाने के लिए कैदी नए-नए तरीके अपना रहे हैं। लेकिन जेल प्रशासन की पैनी नजर के आगे उनका वश नहीं चल रहा है। जेल प्रशासन ने चेकिंग के दौरान कैदी की मोटी चप्पल के सोल में छिपाकर कर रखा बिना सिम का मोबाइल बरामद किया है। जांच में पुलिस ने दो अलग-अलग बैरकों में चेकिंग के दौरान चार कैदियों से तीन मोबाइल बरामद किए हैं। जबकि एक मोबाइल तो लावारिस हालत में पड़ा मिला। थाना कोतवाली में प्रीजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। माडर्न जेल कपूरथला सहायक सुपरिंटेंडेंट हरदेव सिंह व सरबजीत सिंह ने बताया कि जेल के अंदर बनी सुरक्षा वार्ड नं. 1 की चक्की नंबर. दो की अचानक चेकिंग शुरू की तो चक्की के गेट के समीप कैदी की रखी हुई मोटी चप्पल के सोल में कुछ फंसा हुआ नजर आया। जब चप्पल को चेक किया गया तो वह बिना सिम का मोबाइल निकला। इस बारे में जब चक्की में बंद हवालाती परमजीत सिंह उर्फ पम्मा निवासी माहिलपुर होशियारपुर, राकेश कुमार बॉक्सर निवासी लुधियाना और प्रितपाल सिंह ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसी तरह बैरक नं.5 के कमरा नग.11 की चेकिंग के दौरान हवालाती सुखदेव सिंह उर्फ हैप्पी निवासी दोसांझ कलां गोराया जालंधर से मोबाइल बरामद हुआ। जबकि एक मोबाइल लावारिस हालत में मिला। चारों कैदियों के खिलाफ थाना कोतवाली में प्रीजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।