अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। बाइक और एक अज्ञात वाहन की टक्कर में रविवार को मां-बेटे की मौत हो गई। जालंधर-अमृतसर हाईवे पर सुची पिंड के पास हुए सड़क हादसे में मां वरिंदर कौर के बाद पुत्र सिमरजीत सिंह ने भी दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मां बेटा किसी धार्मिक स्थल पर माथा टेककर वापस गुरु रामदास स्थित घर जा रहे थे। तब अचानक सुची पिंड के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में मां वरिंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि उसके बेटे सिमरजीत सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। थाना रामा मंडी की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।