सेहरा ब्रदर्स गोलीकांड में तीन और गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। कमिश्नरेट पुलिस ने सेहरा ब्रदर्स गोलीकांड में मुख्यारोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बाजवा को पकड़ने के बाद अब तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर पाल सिंह उर्फ गोल्डी निवासी न्यू अमरदास नगर, विकास कल्याण उर्फ नन्नू निवासी न्यू संत नगर व अभिनंदन शर्मा उर्फ नंदू निवासी बस्ती गुंजा के रूप में हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों से 7.65 पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुलिस ने सुखविंदर पाल सिंह उर्फ गोल्डी व विकास कल्याण उर्फ नन्नू को मदन मोहन मालविया रोड दिल्ली से गिरफ्तार किया। जबकि अभिनंदन शर्मा उर्फ नंदू को वडाला चौक जालंधर से पकड़ा गया। तीनों के खिलाफ पहले भी लूटपाट, एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। ह्यूमन राइट्स के शशि शर्मा पर भी हुई कातिलाना हमले के दौरान भी सुखविंदर पाल सिंह उर्फ गोल्डी शामिल था। कमिश्नरेट पुलिस हत्याकांड के मुख्यारोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बाजवा को पहले ही पकड़ चुकी है। सीपी ने कहा कि केस के बाकी आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी जारी है। बता दें बुधवार शाम को सेहरा फील्ड के कमलप्रीत सिंह उर्फ बब्बू अपने बड़े भाई दविंदर सिंह उर्फ बाबा और ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ शास्त्री चौक के दफ्तर में बैठे थे। इस दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने साथियों सहित दोनों भाइयों कलमप्रीत सिंह और दविंदर सिंह बाबा पर हमला कर दिया। इस हमले में दविंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि कमलप्रीत सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल कराया गया था।